लक्सर-रायसी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, छह लोग गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
लक्सर-रायसी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, छह लोग गंभीर घायल


हरिद्वार, 13 नवंबर (हि.स.)। लक्सर-रायसी मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घायलों को राहगीरों की मदद से तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पांच की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। जबकि महिला का उपचार लक्सर के निजी अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार, लक्सर तहसील क्षेत्र के मुंडाखेड़ा खुर्द गांव निवासी परीक्षित, आर्यन, अर्पित और रमन एक ही स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर गांव से लक्सर की ओर आ रहे थे। वहीं, जनपद बिजनौर के हल्दौर निवासी अंकुल अपनी पत्नी मोनिका के साथ बुलेट बाइक पर सवार होकर हरिद्वार से हल्दौर लौट रहे थे। इसी दौरान लक्सर-रायसी मार्ग पर दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार सभी छह लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी निजी नर्सिंग होम पहुंचाया। चिकित्सकों ने पांच घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि मोनिका का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्प्लेंडर बाइक पर सवार चारों युवक तेज गति से आ रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रही बुलेट से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776309 Articles

Share this story