एसआईआर: तीन दिन में 19 लाख से अधिक गणना फार्म वितरित
देहरादून, 10 जून (हि. स.)। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत तीन दिनों में 19 लाख से अधिक मतदाताओं तक गणना फार्म पहुंचाए जा चुके हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बुधवार को सचिवालय से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने देहरादून, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में गणना फार्म वितरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं, सर्वाधिक फार्म वितरण करने वाले चम्पावत, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों के कार्यों की सराहना की गई।
डॉ. पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में आवासीय कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बीएलओ के साथ तैनात आईटी वालंटियर्स, बूथ अवेयरनेस ग्रुप और अन्य सहयोगी तंत्र की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि बुधवार दोपहर तक प्रदेश के लगभग 24 प्रतिशत मतदाताओं को गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं। अभियान को निर्धारित समय सीमा में सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सभी जिलों को वितरण कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

