मतदाता पुनरीक्षण तेज, 5.47 लाख मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता पुनरीक्षण तेज, 5.47 लाख मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस


देहरादून, 30 जुलाई (हि.स.)। जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान ने गति पकड़ ली है। मिलान नहीं होने के कारण जनपद में 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए जा रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की जानकारी दी और सभी दलों से सहयोग की अपील की।

जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के अनुसार जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूचियों के मिलान में विसंगतियों, अपूर्ण विवरण या डेटा का सही मिलान नहीं होने के कारण 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर नोटिस उपलब्ध करा रहे हैं और इसकी जानकारी निर्धारित ऐप पर अपलोड कर रहे हैं। 30 जुलाई तक करीब 74 हजार नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। शेष नोटिस अगले कुछ दिनों में वितरित किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नोटिस के आधार पर विवरण सुधार और आपत्तियों के निस्तारण के लिए 3 अगस्त से 29 अगस्त तक बूथवार विशेष सुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान नए पात्र मतदाताओं से फार्म-6 भी स्वीकार किए जाएंगे। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 11 सितंबर निर्धारित की गई है, जबकि 15 सितंबर को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिले की 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2045 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए 10 मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और 222 सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) तैनात करने का अनुरोध किया, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story