एसआईआर अभियान: उत्तराखंड में 71.16 लाख मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज
देहरादून, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं के सापेक्ष 71 लाख 16 हजार 650 मतदाताओं के फार्म डिजिटाइज कर दिए गए हैं।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शनिवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में पत्रकार वार्ता में बताया कि एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रही एसआईआर प्रक्रिया के तहत आठ जून से सात जुलाई तक गणना फॉर्म के वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 8 लाख 41 हजार 20 मतदाता 'अनकलेक्टेड' श्रेणी में हैं। इनमें एक लाख 24 हजार 278 मृत, चार लाख 79 हजार 762 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 61 हजार 888 पहले से पंजीकृत, एक लाख 66 हजार 741 अनुपस्थित तथा 8,351 अन्य कारणों से इस श्रेणी में शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 14 जुलाई को होगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 14 जुलाई से 11 सितंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 11,733 मतदान केंद्रों के सापेक्ष विभिन्न राजनीतिक दलों ने अब तक 23,102 बीएलए नियुक्त किए हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी ने 11,504, कांग्रेस ने 11,105, माकपा ने 378 और बहुजन समाज पार्टी ने 115 बीएलए नियुक्त किए हैं, जबकि आम आदमी पार्टी ने अब तक कोई बीएलए नियुक्त नहीं किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

