विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान: हरिद्वार में बीएलओ, सुपरवाइजर और बीएलए को मिला प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान: हरिद्वार में बीएलओ, सुपरवाइजर और बीएलए को मिला प्रशिक्षण


हरिद्वार, 22 मई (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत 25-हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ लेवल ऑफिसर, बूथ लेवल सुपरवाइजर व विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट का प्रशिक्षण बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ईआरओ एवं उप जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार ने की।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं और जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने उपस्थित सुपरवाइजर, बीएलओ एवं बीएलए से कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी दक्षता और जिम्मेदारी के साथ करें तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों को त्रुटिरहित तरीके से संपादित करें।

प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा त्रुटि सुधार की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्य संदर्भदाता डा. संतोष कुमार चमोला ने प्रतिभागियों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने निर्वाचन कार्यों में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी, संतोष रावत, राकेश चन्द्र देवरानी तथा तहसीलदार सचिन कुमार भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और प्रतिभागियों ने निर्वाचन कार्यों को प्रभावी एवं निष्पक्ष ढंग से संपादित करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story