एसआईआर की आड़ में मूल मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार : आफाक
हरिद्वार, 02 अगस्त (हि.स.)। प्रेस क्लब में आयोजित वार्ता में जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राव आफाक अली ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मूल मुद्दों से भटकाकर एसआईआर, नोटबंदी, लॉकडाउन और हिंदू-मुस्लिम जैसे विषयों में उलझा रही है।
लोग शिक्षा और रोजगार की मांग करने के बजाय एसआईआर के दस्तावेज जुटाने में लगे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2011 के बाद सरकार जनगणना नहीं करा सकी और आज तक कोई एकल पहचान पत्र नहीं बन पाया। उन्होंने मांग की कि आधार कार्ड को शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, संपत्ति और निर्वाचन से जोड़कर भारतीय नागरिकता का प्रमाण माना जाए, ताकि लोगों को कई दस्तावेजों के बोझ से राहत मिले। साथ ही उन्होंने कहा कि आधार नागरिकों की गोपनीय जानकारी सरकार तक पहुंचाने का माध्यम बन गया है।
वार्ता में मनोज धनगर ने मतदाता सूची में नामों की गलत स्पेलिंग पर चिंता जताई और कहा कि सूची हिंदी में बनाई जाए। राव आफाक ने सुझाव दिया कि एसआईआर का काम लेखपाल, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी और हिंदी-अंग्रेजी की समझ रखने वाले शिक्षकों से भी कराया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

