एसआईआर के विरोध को धामी ने बताया कांग्रेस की राजनीतिक हताशा

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर के विरोध को धामी ने बताया कांग्रेस की राजनीतिक हताशा


देहरादून, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस और विपक्षी इंडी गठबंधन के विरोध पर निशाना साधते हुए इसे राजनीतिक हताशा का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने शासनकाल का इतिहास देखना चाहिए, जब मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया होती रही थी।

शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में धामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण है, ताकि पात्र नागरिकों के नाम सूची में सुनिश्चित किए जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता तथा विश्वसनीयता बनाए रखना उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठाकर अपनी राजनीतिक विफलताओं से ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जनता में अनावश्यक अविश्वास पैदा करना उचित नहीं है। कांग्रेस को भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story