एसआईआर पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, तीन अक्टूबर को जारी हाेगी अंतिम मतदाता सूची

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, तीन अक्टूबर को जारी हाेगी अंतिम मतदाता सूची


एसआईआर पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, तीन अक्टूबर को जारी हाेगी अंतिम मतदाता सूची


देहरादून, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सोमवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर की प्रगति और आगे की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के निर्देश पर आयोजित बैठक में बताया गया कि एसआईआर के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 28 सितंबर को पूरी कर ली गई है। अब तीन अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने पहले निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव करते हुए अंतिम सूची के प्रकाशन की तारीख तीन अक्टूबर तय की है।

बैठक में बताया गया कि जिन नागरिकों का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 ऑनलाइन भर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के ईसीआई-नेट पोर्टल अथवा संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित जानकारी अपने स्तर से भी मतदाताओं तक पहुंचाने का आग्रह किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार एसआईआर की पूरी प्रक्रिया के लिए आधिकारिक पोर्टल पर ड्राफ्ट मतदाता सूची, प्रेस नोट और अन्य संबंधित सूचनाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

बैठक में भाजपा से राजकुमार पुरोहित, कांग्रेस से राजेंद्र सिंह भंडारी और प्रशांत खंडूड़ी, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से सत्यपाल एवं सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी से अशोक सेमवाल और माकपा से अनंत आकाश सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story