खटीमा में एसआईआर को लेकर प्रशासन ने आरोपों को बताया निराधार

WhatsApp Channel Join Now

खटीमा, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के खटीमा प्रशासन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर स्थानीय प्रशासन पर लगाए गए पक्षपात और बिना जांच आपत्तियां स्वीकार किए जाने के आरोपों को निराधार बताया है। उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तुषार सैनी ने कहा कि प्रत्येक आपत्ति का निर्धारित नियमों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर परीक्षण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केवल आपत्ति दर्ज होने मात्र से किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची से स्वतः विलोपित नहीं होता। एसआईआर की पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जा रही है और किसी राजनीतिक दल, जनप्रतिनिधि अथवा अन्य व्यक्ति के दबाव में मतदाता सूची को प्रभावित करने का प्रश्न नहीं है।

सैनी ने कहा कि प्रशासन निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मतदाताओं के वोट काटने की साजिश अथवा मतदाता सूची को प्रभावित करने संबंधी आरोपों को तथ्यहीन बताया।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि प्रशासन अथवा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित समाचार प्रकाशित करने से पहले संबंधित अधिकारियों से तथ्यों की पुष्टि अवश्य की जाए, ताकि आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने आमजन से भी अपील की कि एसआईआर से संबंधित किसी जानकारी या शिकायत के लिए संबंधित स्थानीय सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से संपर्क करें और अपुष्ट समाचारों के आधार पर भ्रमित न हों।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story