एसआईआर को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, निष्पक्ष प्रक्रिया की मांग

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, निष्पक्ष प्रक्रिया की मांग


हरिद्वार, 25 अगस्त (हि.स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया है।

भाजपा जिला हरिद्वार के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को रोशनाबाद स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और एसआईआर प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की मांग की।

ज्ञापन की प्रति मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड को भी भेजी गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अधिकारियों पर दबाव बनाकर एसआईआर प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण लोकतंत्र की बुनियाद है और इसकी पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए।

रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि एसआईआर से मतदाता सूची अधिक पारदर्शी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक विशेष वर्ग को खुश करने के लिए पुनरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावित करना चाहती है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि कुछ स्थानों पर बीएलओ और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच विवाद तथा दबाव की स्थिति की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने और उल्लंघन की शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की।

प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी ने कहा कि एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि यह सामान्य निर्वाचन प्रक्रिया का हिस्सा है। राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि पुनरीक्षण के दौरान एक भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न हो और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

इस दौरान जिलाध्यक्ष रुड़की मधु सिंह, संजय गुप्ता, अमित चौहान, नितिन गौतम, शोभाराम प्रजापति सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story