एफडी-आरडी में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 30.74 लाख रुपये ठगे,छह पर मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now
एफडी-आरडी में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 30.74 लाख रुपये ठगे,छह पर मुकदमा


हरिद्वार, 11 नवंबर (हि.स.)। एफडी और आरडी में मोटा मुनाफा दिलाने और रकम सुरक्षित रखने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 30 लाख 74 हजार 464 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले एक कंपनी में निवेश कराया गया और बाद में दूसरी कंपनी के पॉलिसी बॉन्ड थमाकर रकम लौटाने का भरोसा दिया गया। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी रकम नहीं मिलने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम हबीबपुर कुड़ी, रायसी निवासी प्रमोद कुमार ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि जनवरी 2015 में उसकी मुलाकात खुर्शीद निवासी मखियाली कलां, प्रीतम सिंह निवासी सिकंदरपुर और इरशाद निवासी बुड़गरी, बिजनौर से हुई थी। तीनों ने खुद को एफडी, आरडी और बीमा पॉलिसी का काम करने वाला बताते हुए उसे यूनाइटेड एग्रो लाइफ इंडिया लिमिटेड में निवेश करने की सलाह दी। बाद में उसकी मुलाकात कंपनी के डायरेक्टर बताए गए अहसान हैदर, मोहम्मद शाहनवाज और मोहम्मद जावेद से कराई गई।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, आरोपियों के भरोसे में आकर उसने वर्ष 2015 से 2018 के बीच अलग-अलग एफडी में कुल नौ लाख रुपये जमा कराए। वर्ष 2020 में लॉकडाउन के दौरान लक्सर स्थित कंपनी की शाखा बंद हो गई। रकम वापस मांगने पर आरोपी उसे देहरादून स्थित कार्यालय ले गए, जहां बताया गया कि पुरानी एफडी की रकम जुबिलेंट मल्टीपरपज विजन निधि लिमिटेड में जमा कर दी गई है।

आरोप है कि भरोसा दिलाने के लिए आरोपियों ने उसे दो चेक दिए, लेकिन बाद में दोनों वापस ले लिए। इसके बदले 16 लाख रुपये के आठ पॉलिसी बॉन्ड देकर अवधि पूरी होने पर पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया। हालांकि, निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी उसे रकम नहीं मिली।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि 18 अगस्त 2026 को वह अपने भाई के साथ लक्सर में खुर्शीद और प्रीतम से रकम वापस मांगने पहुंचा तो दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसने 31 अगस्त को लक्सर कोतवाली और पांच सितंबर को एसएसपी हरिद्वार को शिकायत भेजी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story