गुरु पर्व पर हरकी पैड़ी पहुंचे सिख संगत, ज्ञान गोदड़ी गुरुद्वारा लौटाने की मांग दोहराई

WhatsApp Channel Join Now


हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सिख संगतों ने एक बार फिर हरकी पैड़ी पहुंचकर गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब को सिख समाज को वापस सौंपने की मांग उठाई। गुरु नानक देव धर्म प्रचार समिति के अध्यक्ष सूबा सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में सिख समाज के लोगों ने हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा में स्नान किया और पाठ-अरदास कर गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब की पुनर्स्थापना की कामना की।

सूबा सिंह ढिल्लों ने कहा कि गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब के लिए हरकी पैड़ी पहुंचने के प्रयासों के दौरान उन्हें हर बार रोक दिया जाता था, लेकिन इस बार वे हरकी पैड़ी पहुंचने में सफल रहे। उन्होंने गंगा स्नान के बाद गुरु साहिब के चरणों में अरदास कर सभी की सुख-शांति और भलाई की कामना की।

समिति के सचिव अनूप सिंह सिद्धू ने कहा कि गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब सिख धर्म की आस्था का प्रमुख प्रतीक है। सिख समाज हमेशा सभी धर्मों और वर्गों को साथ लेकर चलता है तथा समाज के हर वर्ग के सहयोग के लिए तत्पर रहता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ज्ञान गोदड़ी साहिब के मामले का जल्द समाधान कर गुरुद्वारा सिख समाज को वापस सौंपा जाए।

गौरतलब है कि प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर सिख संगठन हरिद्वार पहुंचकर ज्ञान गोदड़ी गुरुद्वारे की मांग उठाते रहे हैं। पूर्व में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संगठनों के प्रतिनिधियों को सीमा पर ही रोक दिया जाता था। इस बार सिख संगठनों ने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए अलग-अलग रास्तों से हरकी पैड़ी पहुंचने में सफलता हासिल की। हालांकि, विवादित ज्ञान गोदड़ी स्थल पर प्रशासन ने एहतियातन एक दिन पहले से ही निगरानी और पहरा बढ़ा दिया था।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782376 Articles

Share this story