कांवड़ मेला : 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में बांटा गया मेला क्षेत्र
हरिद्वार, 25 जुलाई (हि.स.)। श्रावण मस्तिष्क कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित करते हुए सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है।
डीएम ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने, कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं को पेयजल, बिजली, स्वच्छता, चिकित्सा, पार्किंग, यातायात और घाटों सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्या का त्वरित समाधान करने को कहा गया है।
हर की पैड़ी, अपर रोड, मनसा देवी, खड़खड़ी, सप्तऋषि, हाईवे, रुड़की, लक्सर, बीएचईएल, बैरागी कैंप और गंगापार समेत पूरे मेला क्षेत्र के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। शेष 40 जोन और 141 सेक्टरों में भी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण कांवड़ मेला प्रदेश की आस्था का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। सभी अधिकारी टीम भावना, संवेदनशीलता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि देशभर से आने वाले करोड़ों शिवभक्तों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

