कांगड़ी गुरुकुल में 19-20 दिसंबर को होगा स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी समारोह

WhatsApp Channel Join Now
कांगड़ी गुरुकुल में 19-20 दिसंबर को होगा स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी समारोह


हरिद्वार, 13 नवंबर (हि.स.)। महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक एवं गुरुकुलीय शिक्षा के प्रबल समर्थक महात्मा स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान की शताब्दी के उपलक्ष्य में 19 और 20 दिसंबर को कांगड़ी गुरुकुल में दो दिवसीय भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में स्वामी श्रद्धानंद को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष उठाई जाएगी।

आयोजन की अध्यक्षता योगगुरु स्वामी रामदेव करेंगे, जबकि सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान स्वामी आर्यवेश का विशेष सान्निध्य रहेगा। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद को समारोह का मुख्य संयोजक नियुक्त किया गया है।

शुक्रवार को आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुकुल महाविद्यालय ज्वालापुर में आर्य समाज उत्तराखंड के सक्रिय कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। स्वामी आर्यवेश की अध्यक्षता में हुई बैठक में समारोह की रूपरेखा तय करने के साथ ही विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए समितियों का गठन किया गया।

बैठक के मुख्य वक्ता पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि गुरुकुलीय शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता है। गुरुकुलों को भी अन्य सरकारी शिक्षण संस्थानों की तरह आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्र निर्माण पर आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद का स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके बलिदान की शताब्दी पर आयोजित यह समारोह ऐतिहासिक होगा, जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्रियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

स्वामी आर्यवेश ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद ने लार्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति के विकल्प के रूप में गुरुकुलीय शिक्षा को स्थापित कर राष्ट्र निर्माण और चरित्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सुधार और वैदिक संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक है। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी और शिक्षाविद को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समारोह के माध्यम से इस मांग को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दो दिवसीय आयोजन में आर्य समाज के संन्यासी, विद्वान, गुरुकुलों के आचार्य, भजनोंपदेशक, युवा संगठनकर्ता तथा केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री शामिल होंगे। देश के विभिन्न राज्यों से हजारों आर्यजनों के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है।

सार्वदेशिक आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी आदित्यवेश ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद का बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, शिक्षा, सामाजिक सुधार और वैदिक संस्कृति के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। कृष्ण मुनि ने समारोह को भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी बताया। शत्रुघ्न मौर्य ने कुमाऊं क्षेत्र से बड़ी संख्या में आर्यजनों के शामिल होने की बात कही। अंत में स्वामी विरक्तदेव ने सभी का आभार व्यक्त किया।

बैठक में आचार्य धनंजय, शत्रुघ्न मौर्य, मानपाल सिंह राठी, हाकम सिंह आर्य, तेलूराम आर्य, स्वामी मेधानंद, महात्मा कृष्ण मुनि, आचार्य सविता, स्वामी सुरेंद्रानंद, स्वामी विरक्तदेव, कामेंद्र आर्य, ओमप्रकाश मलिक, दिनेश आर्य, धर्मेंद्र आर्य, अवनीश आर्य और दीपक आर्य सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776417 Articles

Share this story