शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार

WhatsApp Channel Join Now
शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार


हरिद्वार, 22 अगस्त (हि.स.)। जिले के रुड़की में शुक्रवार देर रात शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ढंडेरा निवासी अमन पुत्र सुभाष कैंटीन बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो हमलावरों ने रास्ते में उन्हें रोककर फायरिंग कर दी।

गोली लगने से अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद दोनों हमलावर बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमन को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।

पुरानी रंजिश की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

हमलावरों की तलाश में कांबिंग

पुलिस ने हमलावरों के आने और वारदात के बाद फरार होने वाले संभावित रास्तों की भी जानकारी जुटाई है। बदमाशों की तलाश में देर रात तक आसपास के क्षेत्रों में कांबिंग अभियान चलाया गया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story