हर की पैड़ी पर शांतिकुंज के 200 से अधिक स्वयंसेवकों ने चलाया गंगा स्वच्छता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
हर की पैड़ी पर शांतिकुंज के 200 से अधिक स्वयंसेवकों ने चलाया गंगा स्वच्छता अभियान


हरिद्वार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। विश्वप्रसिद्ध तीर्थस्थल हर की पैड़ी पर रविवार को गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के 200 से अधिक स्वयंसेवकों ने विशेष गंगा स्वच्छता अभियान चलाया। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग और शांतिकुंज के संयुक्त प्रयास से आयोजित अभियान में वीआईपी घाट से हाथी पुल तक सफाई कर गंगा क्षेत्र में जमा कई ट्रॉली कचरा हटाया गया।

जिला प्रशासन के आग्रह तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष एवं जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या के निर्देश पर आयोजित अभियान का शुभारंभ गायत्री मंत्र और स्वस्तिवाचन के साथ हुआ। अभियान में शांतिकुंज के स्वयंसेवकों के साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए साधकों और प्रशिक्षणार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। इस दौरान गंगा क्षेत्र में जमा पुराने कपड़े, प्लास्टिक, कांच और अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्र कर हटाई गई।

स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि गंगा की स्वच्छता बनाए रखना केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गंगा में प्लास्टिक, कपड़े, खंडित मूर्तियां और अन्य अपशिष्ट सामग्री नहीं डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार कई दशकों से गंगा स्वच्छता एवं संरक्षण के अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाता आ रहा है।

अभियान के माध्यम से गंगा घाटों की सफाई के साथ ही नदी संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विकास त्यागी और भारत भूषण, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत तथा शांतिकुंज आपदा प्रबंधन विभाग के मंगल सिंह गढ़वाल सहित अनेक कार्यकर्ता और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767050 Articles

Share this story