युवक से मारपीट व जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, शिल्पकार सभा ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now

नैनीताल, 12 मई (हि.स.)। नैनीताल जनपद के गौलापार क्षेत्र के देवला मल्ला ग्राम में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान युवक के साथ मारपीट एवं जातिसूचक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर शिल्पकार सभा नैनीताल ने घटना की निंदा करते हुए आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

आरोपों के अनुसार ग्राम देवला मल्ला निवासी उमेश चंद्र टम्टा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 10 मई को गांव में आयोजित विवाह समारोह में उनके भाई शुभम डीजे संचालन का कार्य कर रहे थे। इस दौरान वह स्वयं तथा उनका साला भी सहयोग कर रहे थे। आरोप है कि प्यास लगने पर शुभम पास में रखे बर्तन से पानी पीने लगे, जिस पर वहां मौजूद एक युवक ने आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। तहरीर के अनुसार इसके बाद अन्य लोग भी एकत्र हो गए और शुभम के साथ मारपीट करने लगे।

आरोप है कि जातिसूचक टिप्पणियां करते हुए कई लोगों ने मिलकर शुभम को गंभीर घायल कर दिया। उमेश ने बताया कि जब वह बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई और सिर पर चाकू से वार कर घायल कर दिया गया। घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिल्पकार सभा नैनीताल के अध्यक्ष रमेश चंद्रा ने कहा कि आधुनिक और वैज्ञानिक युग में भी इस प्रकार की जातीय संकीर्णता एवं भेदभावपूर्ण मानसिकता अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक विकृति को दर्शाती हैं और समाज में सौहार्द को प्रभावित करती हैं। सभा ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में शामिल आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार कर निष्पक्ष जांच के बाद कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। सभा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई तो सामाजिक न्याय के लिए आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story