भिलंगना ब्लाक के निवाल गांव में तीन दिवसीय भेड़ परिक्रम महोत्सव शुरू
नई टिहरी, 04 सितंबर (हि.स.)। भिलंगना ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम पंचायत निवालगांव के बौल्यसौड़ में तीन दिवसीय भेड़ परिक्रमा महोत्सव शुरू हो गया है। मेले में क्षेत्र के आराध्य देवी-देवताओं की डोलियों पहुंचने सिलसिला शुरू हो गया। ग्रामीणों ने देव डोलियों की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि मांगी। शुक्रवार को भेड़ परिक्रमा महोत्सव में देव डोलियों के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है।
ढोल-दमाऊ की ताल पर देव डोलियों ने नृत्य किया। क्षेत्र पंचायत सदस्य गंगा बिष्ट और ग्राम प्रधान रीना देवी ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले महोत्सव में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न होंगे। महोत्सव के शुरू होने से गांव में उत्साह और भक्ति का माहौल बना है। ध्याणियों और नाते रिश्तेदार भी पहुंचने गांव लगे हैं। पुजारी गुणानंद, जगदीश प्रसाद भट्ट ने बताया कि भेड़ परिक्रमा मेला क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा आयोजन हैं। महोत्सव में श्रद्धालुओं क्षेत्र के आराध्य देवताओं की डोलियों की पूजा अर्चना करेंगे। ढोल-दमाऊ की ताल पर देवी-देवता अपने पश्वा पर अवतरित होंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से पौराणिक भेड़ परिक्रमा महोत्सव की परंपरा को आगे बढ़ने की अपील की है। इस मौके पर सरोप सिंह, लुदर सिंह गुनसाला पूर्व प्रधान बावन सिंह बिष्ट, बिजेंद्र सिंह पंवार, सूरत पंवार, धर्म सिंह, प्रेम सिंह पंवार, प्रदीप रावत, भगवत राणा आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

