पंचपुरी के गुरुद्वारों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई मघर संक्रांत

WhatsApp Channel Join Now
पंचपुरी के गुरुद्वारों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई मघर संक्रांत


हरिद्वार, 17 नवंबर (हि.स.)। पंचपुरी के समस्त गुरुद्वारों में मघर महीने की संक्रांत (वृश्चिक संक्रांत) श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सुबह से देर रात तक गुरुद्वारों में गुरुवाणी पाठ और शब्द कीर्तन का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारों में पहुंचकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

निर्मल विरक्त कुटिया स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारे में विशेष दीवान सजाया गया। यहां सैकड़ों की संख्या में संगत ने पहुंचकर गुरुवाणी का श्रवण किया। इस अवसर पर बाबा पंडत ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को गुरु घर से जुड़ा रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी की पुनः स्थापना के लिए सिख समाज लगातार संघर्ष कर रहा है। इसी क्रम में हाल ही में सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से मुलाकात की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी को उसका मूल स्थान प्राप्त नहीं हो जाता, तब तक सिख समाज का संघर्ष जारी रहेगा। सूबा सिंह ढिल्लों ने गुरु नानक प्रकाश पर्व के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली सिख संगत को हरकी पैड़ी पर स्नान की अनुमति देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष संगत को डांडी चौक पर रोक दिया जाता है, जिससे श्रद्धालुओं में भारी रोष है। प्रशासन को इस समस्या का समाधान निकालना चाहिए, ताकि संगत धार्मिक आयोजनों में निर्बाध रूप से शामिल हो सके।

वहीं निर्मल संतपुरा गुरुद्वारे में संत जगजीत सिंह शास्त्री और मनप्रीत सिंह ने संक्रांत के अवसर पर कथा प्रवचन किए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति परमात्मा से जुड़ जाता है, उसे जीवन के दुख विचलित नहीं कर पाते। जिस परमात्मा ने मनुष्य को इतना सुंदर शरीर दिया है, उसका सदैव सिमरन करना चाहिए। परमात्मा अपने भक्तों की परीक्षा अवश्य लेता है, लेकिन उनका साथ कभी नहीं छोड़ता।

उन्होंने बताया कि गुरु नानक प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 23 नवंबर को सुबह पांच बजे विशेष प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इस अवसर पर ज्ञानी पंकज सिंह, सतपाल सिंह, अनूप सिंह, सरबजीत कौर, अपनिंदर कौर, प्रीतम सिंह, इंद्रजीत सिंह, महिपाल सिंह, बीना चिटकरिया, नैनी महेन्द्रू, प्रेम सिंह, अवतार सिंह, उज्जल सिंह सेठी, मनप्रीत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story