बच्चे बड़े होकर डॉक्टर-इंजीनियर बनें, पर सदैव माँ भारती की जय करें : कुमार

WhatsApp Channel Join Now
बच्चे बड़े होकर डॉक्टर-इंजीनियर बनें, पर सदैव माँ भारती की जय करें : कुमार


हरिद्वार, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद सेवा भारती द्वारा नगर के सभी सेवा केंद्रों के बच्चों की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 15 केंद्रों की टीमों ने भाग लिया, प्रत्येक टीम में तीन बच्चे शामिल रहे।

प्रतियोगिता को रोचक बनाने के लिए तीन राउंड रखे गए। गौरा देवी महिला कला केंद्र की टीम विजेता रही। विजेता टीम और केंद्र की शिक्षिका उषा धीमान को अतिथियों ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अर्चना जैन, डॉ. कल्पना चौधरी, व्यवसायी मनीष मित्तल और विभाग प्रचारक राकेश कुमार उपस्थित रहे। अतिथियों को राजीव माहेश्वरी, सुनीता, ग्रीष्मा और शालिनी द्वारा भारत माता का चित्र भेंट किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक राकेश कुमार ने बच्चों से कहा कि बच्चे बड़े होकर चाहे डॉक्टर बनें या इंजीनियर, सदैव माँ भारती की जय करें और कहें भी। जीवन में कितनी भी उन्नति करें, देश से प्रेम बनाए रखें। दूसरों के लिए अच्छा सोचने से स्वयं भी आगे बढ़ते हैं। मन, वचन और कर्म में भारत माता के प्रति आदर रहना चाहिए।

डॉ. कल्पना चौधरी ने अनुशासन का महत्व बताया। अर्चना जैन ने कहा कि सेवा भारती शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। मनीष मित्तल ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को संस्कृति से जोड़ते हैं।

संचालन नेहा जोशी ने किया। इस अवसर पर दीपक सिंघल, राजीव माहेश्वरी सहित नगर के सभी केंद्रों की शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765107 Articles

Share this story