पंच परिवर्तन के संकल्प को सेवा बस्ती के हर घर तक ले जाएं : डॉ. शैलेन्द्र

WhatsApp Channel Join Now
पंच परिवर्तन के संकल्प को सेवा बस्ती के हर घर तक ले जाएं : डॉ. शैलेन्द्र


पंच परिवर्तन के संकल्प को सेवा बस्ती के हर घर तक ले जाएं : डॉ. शैलेन्द्र


हरिद्वार सेवा भारती का वार्षिकोत्सव

हरिद्वार, 22 अप्रैल (हि.स.)। सेवा भारती, हरिद्वार का वार्षिकोत्सव ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के ऑडिटोरियम में बुधवार को संपन्न हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ.शैलेन्द्र, कार्यक्रम अध्यक्ष एडवोकेट संजय जैन दीप प्रज्ज्वलन, भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण तथा सेवा बस्ती के बच्चों के स्वागत गीत से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

प्रांत प्रचारक डॉ.शैलेन्द्र ने अपने उद्बोधन में संघ के शताब्दी वर्ष और सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सेवा भारती केवल एक संगठन नहीं, भारत के सनातन मूल्यों की जीवंत अभिव्यक्ति है। हमारा शास्त्र कहता है 'सर्वे भवन्तु सुखिनः। यही भाव लेकर डॉ. हेडगेवार जी ने 1925 में संघ का बीजारोपण किया था। आज 100 वर्ष बाद वह वटवृक्ष बन चुका है।

उन्होंने कहा सेवा का अर्थ केवल अभावग्रस्त को कुछ दे देना नहीं है। सच्ची सेवा वह है जो लेने वाले को देने वाला बना दे। आप संस्कार केंद्रों में जो बच्चे पढ़ रहे हैं, कल वे ही समाज के नेतृत्वकर्ता बनेंगे। यही सेवा से समरसता और समरसता से संगठन का मार्ग है।

उन्होंने संघ शताब्दी वर्ष में दिए गए पंच परिवर्तन के मंत्र को समाज से संकल्प के रूप में अपनाने की बात कहते हुए पंच परिवर्तन के सूत्रों सामाजिक समरसता,पर्यावरण संरक्षण,कुटुंब प्रबोधन,स्व का बोध तथा नागरिक कर्तव्यों की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा सेवा भारती के कार्यकर्ता इन पांच बिंदुओं को सेवा बस्ती के हर घर तक ले जाएं। शताब्दी वर्ष में एक भी बस्ती ऐसी न बचे जहां सेवा कार्य न पहुंचा हो।

जिला मंत्री श्रीमती सरिता सिंह ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि हरिद्वार जिले की 34 सेवा बस्तियों में सेवा भारती द्वारा 38 प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। इनमें 22 संस्कार केंद्र, 19 सिलाई प्रशिक्षण एवं कमप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, 6 सामाजिक कार्य,चलित चिकित्सालय द्वारा 11 सेवा बस्तियों में स्वास्थ्य सेवा कार्य, एक चिकित्सा केंद्र तथा 2 योग व आत्मरक्षा प्रशिक्षण सम्मिलित हैं। गत वर्ष 1,350 बच्चों को निशुल्क शिक्षा सामग्री वितरित की गई। 420 महिलाओं को सिलाई एवं ब्यूटीशियन प्रशिक्षण देकर स्वावलंबी बनाया गया। 76 नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 8,600 से अधिक रोगियों को लाभ पहुंचाया गया। बाढ़ प्रभावित लक्सर क्षेत्र में 1,100 परिवारों को राशन किट एवं 2,500 लोगों को कपड़े उपलब्ध कराए गए।

मंच संचालन अनमोल गर्ग ने किया। हरिद्वार जिले के विभिन्न सेवा केन्द्रों के बालक बालिकाओं ने आकर्षक योग एवं धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर प्रांत सेवा प्रमुख पवनकुमार,प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण गर्ग,प्रांत मंत्री विमलकांत मिश्रा,सह प्रांत मंत्री अमरीष, विभाग प्रचारक राकेश, विभाग सेवा प्रमुख वीर प्रताप, जिला संघ चालक डॉ यतीन्द्र नागयान,नगर प्रचारक शुभम,नगर कार्यवाह डॉ अनुराग सहित सभी केन्द्रों की शिक्षिकाएं एवं नगर व जिले के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story