जनसेवा शिविरों के जरिए योजनाओं से जुड़ेंगे पात्र लाभार्थी
हरिद्वार, 03 जुलाई (हि.स.)। हरिद्वार जनपद में 4 जुलाई से 'सेवा, सुशासन एवं समर्पण' थीम पर सेवा पखवाड़ा शुरू होगा। सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार के पिछले पांच वर्षों की विकास योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष जनसेवा शिविर लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को बताया कि सेवा पखवाड़े का शुभारंभ 4 जुलाई को सुबह 11 बजे जिला मुख्यालय में होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक दिन अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें रोजगार एवं कौशल विकास, नई सरकारी योजनाएं, सड़क, रेल व रोपवे जैसी आधारभूत संरचना परियोजनाएं, उद्योग एवं एमएसएमई, कृषि, उद्यान और पशुपालन, महिला, युवा एवं सैनिक कल्याण तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र में किए गए कार्यों पर आधारित गतिविधियां शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान चिकित्सा एवं दिव्यांग शिविर, महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, विभागीय प्रदर्शनी, योजनाओं के स्टॉल, ऑन-द-स्पॉट आवेदन एवं पंजीकरण, लाभार्थी संवाद, कौशल विकास एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन, डिजिटल सरकारी सेवाओं की जानकारी, मैराथन, खेलकूद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा राजस्व विभाग की ओर से विशेष लोक अदालत का भी आयोजन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

