खानपुर सेवा पखवाड़ा शिविर में 455 लोगों ने ली सरकारी योजनाओं की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
खानपुर सेवा पखवाड़ा शिविर में 455 लोगों ने ली सरकारी योजनाओं की जानकारी


हरिद्वार, 17 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित 'सेवा, सुशासन एवं समर्पण' तथा 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड मुख्यालय खानपुर सभागार में सेवा पखवाड़ा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 455 लोगों ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की, जबकि 49 आवेदन एवं शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने कहा कि सेवा पखवाड़ा शिविर प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है।

भाजपा जिला अध्यक्ष (रुड़की) डॉ. मधु सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना, प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाना और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

उत्तराखंड भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव्यानी सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनहित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।

शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, किसान मोर्चा के देवी सिंह राणा, मंडल अध्यक्ष भगत सिंह, मंडल अध्यक्ष अशोक पांडेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज पंवार, खंड विकास अधिकारी आलोक गार्गेय, विभिन्न ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story