पौड़ी की 11 चिकित्सा इकाइयों को मिलेगा कायाकल्प पुरस्कार
पौड़ी गढ़वाल, 01 सितंबर (हि.स.)। जनपद पौड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाली 11 चिकित्सा इकाइयों का वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कायाकल्प पुरस्कार हेतु चयन हुआ है।
इनमें उपजिला चिकित्सालय श्रीनगर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर पोखरी, डोभ श्रीकोट, देहलचौरी, सरणा, संतुधार, बिसल्ड, बाड़ियों, डडुआदेवी और दमदेवल शामिल हैं। चयनित चिकित्सा इकाइयों को भारत सरकार द्वारा निर्धारित धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि कायाकल्प कार्यक्रम के तहत चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है। इसमें अस्पताल परिसर व वार्डों की स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल, मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाएं, हाइजीन प्रमोशन, भवन एवं परिसर का रखरखाव, पर्यावरण संरक्षण, आईईसी तथा अपशिष्ट प्रबंधन आदि शामिल हैं।
उन्होंने कायाकल्प की जिला स्तरीय टीम और विजेता चिकित्सा इकाइयों के सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। जिला स्तरीय टीम में डॉ. पंकज, स्मृति शाह, बलबीर रावत सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

