हरिद्वार के छह विकासखंडों में लगेगा सुरक्षा जवान भर्ती शिविर

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 15 सितंबर (हि.स.)। निजी क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे जनपद के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। एसआईएस लिमिटेड क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, देहरादून की ओर से हरिद्वार जनपद के विभिन्न विकासखंडों में सुरक्षा जवानों की भर्ती के लिए विकासखंड स्तरीय भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र एवं इच्छुक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि भर्ती शिविरों का आयोजन जनपद के छह विकासखंडों में निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। इसके तहत भगवानपुर विकासखंड सभागार में 19 एवं 21 सितंबर, रुड़की में 22 एवं 23 सितंबर, नारसन में 24 एवं 25 सितंबर, लक्सर में 26 एवं 28 सितंबर, खानपुर में 29 सितंबर एवं 1 अक्टूबर तथा बहादराबाद विकासखंड सभागार में 3 एवं 5 अक्टूबर 2026 को भर्ती शिविर आयोजित होंगे।

उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। भर्ती में शामिल होने वाले किसी भी पात्र एवं इच्छुक युवक से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। जिला सेवायोजन विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने आवश्यक अभिलेखों के साथ संबंधित विकासखंड सभागार में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story