छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चला ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान

WhatsApp Channel Join Now
छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चला ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान


हरिद्वार, 03 सितंबर (हि.स.)। स्कूलों की छुट्टी के समय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने गुरुवार को जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर दोपहर करीब 1 बजे से 3 बजे तक विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें विद्यालयों के आसपास मुस्तैद रहीं।

अभियान का मुख्य फोकस बालिकाओं की सुरक्षा और छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन पर रहा। स्कूलों की छुट्टी के समय पुलिस बल ने विद्यालय परिसरों के आसपास विशेष निगरानी रखते हुए आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की जांच की।

पुलिस टीमों ने छात्र-छात्राओं को लाने-ले जाने वाले स्कूल वाहनों की सघन चेकिंग की। इस दौरान वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को परखा गया। पुलिस ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि बच्चों के आवागमन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

विद्यालयों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने या खड़े रहने वाले संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों की भी चेकिंग की गई। पुलिस के अनुसार, बालिकाओं और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूलों के आसपास चेकिंग एवं निगरानी का यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

पुलिस का यह अभियान स्कूल छुट्टी के समय होने वाली भीड़भाड़, संदिग्ध गतिविधियों और यातायात संबंधी लापरवाही पर नजर रखने के साथ-साथ बच्चों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story