जंगली फल से रोजगार तक, सी-बकथॉर्न संवारेगा पहाड़ की आर्थिकी, 80 किसानों ने लिया प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जंगली फल से रोजगार तक, सी-बकथॉर्न संवारेगा पहाड़ की आर्थिकी, 80 किसानों ने लिया प्रशिक्षण


जंगली फल से रोजगार तक, सी-बकथॉर्न संवारेगा पहाड़ की आर्थिकी, 80 किसानों ने लिया प्रशिक्षण


जंगली फल से रोजगार तक, सी-बकथॉर्न संवारेगा पहाड़ की आर्थिकी, 80 किसानों ने लिया प्रशिक्षण


ज्योतिर्मठ, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पाई जाने वाली सी-बकथॉर्न (अमेश) की खेती को बढ़ावा देने और स्थानीय ग्रामीणों के लिए आजीविका के नए अवसर विकसित करने के उद्देश्य से चमोली जिले के ज्योतिर्मठ स्थित सुभाई गांव में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 80 किसानों ने प्रतिभाग कर सी-बकथॉर्न की वैज्ञानिक खेती, संरक्षण, प्रसंस्करण और विपणन की जानकारी प्राप्त की।

हिमवाल सोसाइटी, देहरादून की ओर से आयोजित इस कार्यशाला को उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट), विज्ञान धाम, झाझरा ने वित्तपोषित किया। कार्यशाला में रैगड़ी गांव के 15 महिला एवं पुरुष किसानों ने भी प्रशिक्षण लिया।

कार्यक्रम के पहले दिन विशेषज्ञों ने सी-बकथॉर्न के प्राकृतिक वितरण, औषधीय गुणों, पोषक तत्वों और हिमालयी पारिस्थितिकी में इसके महत्व की जानकारी दी।

डॉ. दीपिका डिमरी ने हिमवाल सोसाइटी और परियोजना के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए कहा कि ज्योतिर्मठ और नीति घाटी के उच्च हिमालयी गांवों में सी-बकथॉर्न आजीविका का महत्वपूर्ण साधन बन सकता है।

डॉ. नंदकिशोर हटवाल ने हिमालयी क्षेत्रों में इस पौधे के महत्व और जैव विविधता में इसके योगदान की जानकारी दी।

फुलान्ति विकास समिति के अध्यक्ष भाल चंद्र चमोला ने इसके पोषक तत्वों, औषधीय गुणों और पारंपरिक उपयोगों पर प्रकाश डाला। उद्यान विभाग के मंगत राज ने पौध तैयार करने, रोपण और देखभाल की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को क्षेत्र भ्रमण कराकर पौधों के संरक्षण और संवर्धन की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।

कार्यशाला के दूसरे दिन सी-बकथॉर्न के फलों की तुड़ाई, सुरक्षित संग्रहण, सुखाने और प्रसंस्करण की तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि इसके फलों से जूस, पल्प, तेल, पाउडर सहित कई उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच बनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

विशेषज्ञों के अनुसार, सी-बकथॉर्न के स्थानीय संसाधनों का वैज्ञानिक और व्यावसायिक उपयोग बढ़ाकर ग्रामीण महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जा सकते हैं। इसके लिए ग्राम पंचायतों और स्थानीय समुदायों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया गया।

समापन अवसर पर प्रतिभागियों से सुझाव लेकर प्रशिक्षण का मूल्यांकन किया गया। उन्हें प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और विशेषज्ञों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सुभाई के ग्राम प्रधान अनिल फरस्वाण, वन पंचायत सरपंच ममता देवी और महिला मंगल दल की अध्यक्ष तनुजा देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय शालिनी सिंह ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779456 Articles

Share this story