कोल्हू नदी के तेज बहाव में मां-बेटी बही, दोनों के शव बरामद
पौड़ी गढ़वाल, 01 सितंबर (हि.स.)। कोटकादार गांव से रिश्तेदारी से लौट रहे दंपती की मोटरसाइकिल कोल्हू नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। हादसे में महिला और उसकी एक वर्षीय बेटी नदी में बह गईं। एसडीआरआफ की टीम ने तलाश कर करीब एक किलोमीटर आगे दोनों के शव बरामद कर लिए।
जानकारी के अनुसार सिगड्डी जंगल, कोटद्वार निवासी सद्दाम पुत्र रोशनदीन अपनी 23 वर्षीय पत्नी जेनम और एक वर्षीय पुत्री शहजादी उर्फ आफिया के साथ बिजनौर जिले के नगीना देहात थाना क्षेत्र स्थित कोटकादार गांव में बहन की ससुराल गया था। मंगलवार को वापस लौटते समय कोल्हू नदी के तेज बहाव में मोटरसाइकिल असंतुलित हो गई और जेनम व उसकी बेटी नदी में बह गईं। सद्दाम किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सूचना पर एसडीआरआफ ने तत्काल सर्च अभियान चलाया। कुछ ही देर की तलाश के बाद नदी में घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर आगे जेनम और शहजादी उर्फ आफिया के शव बरामद कर लिए गए। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

