गायत्री विद्यापीठ में स्काउट-गाइड शिविर प्रारंभ

WhatsApp Channel Join Now
गायत्री विद्यापीठ में स्काउट-गाइड शिविर प्रारंभ


हरिद्वार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मनिर्भरता और सेवा के संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से गायत्री विद्यापीठ, शांतिकुंज में चार दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर का शुभारंभ हुआ। गायत्री विद्यापीठ की प्रबंधिका श्रीमती शेफाली पण्ड्या ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। शिविर में 130 स्काउट-गाइड प्रतिभाग कर रहे हैं, जिन्हें विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक जीवन कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस अवसर पर गायत्री विद्यापीठ की प्रबंधिका श्रीमती शैफाली पण्ड्या ने कहा कि स्काउट-गाइड ये जीवन को सही दिशा देने वाली शिक्षा का नाम हैं। विद्यार्थियों को स्वयं के प्रति, ईश्वर के प्रति और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना तथा उनका पालन करना सिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सहयोग की भावना को जीवन में उतारकर विद्यार्थी एक जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं।

शिविर के दौरान स्काउट-गाइड के नियमों और प्रतिज्ञा से परिचित कराने के साथ गांठें बांधने, बंधन बनाने, प्राथमिक चिकित्सा, कम्पास के उपयोग, अनुमान लगाने और नक्शा पढ़ने का अभ्यास कराया जाएगा। कैम्प फायर जैसी गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों में सामूहिकता, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। शिविर में विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय सोपान का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य सीताराम सिन्हा, जिला संगठन आयुक्त मंगल सिंह गढ़वाल, नरेंद्र सिंह, विनय आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story