स्कूल वैन और स्कॉर्पियो की टक्कर, छात्र घायल

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी, 23 जुलाई (हि.स.)। गौलापार क्षेत्र के नवाड़खेड़ा के पास शुक्रवार को नौ स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल वैन और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक छात्र घायल हो गया,जबकि अन्य सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

पुलिस के अनुसार, आरएम स्कूल की वैन बच्चों को लेने के लिए सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान गौला पुल की ओर से आ रही स्कॉर्पियो से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के समय वैन में नौ बच्चे सवार थे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा सभी बच्चों को पास के एक क्लीनिक ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सिर में चोट लगने वाले एक छात्र को हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य बच्चों को दूसरे वाहन से स्कूल भेज दिया गया।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्कॉर्पियो सवार मथुरा के निवासी बताए गए हैं।

काठगोदाम कोतवाल जसबीर सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का एक संभावित कारण माना जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story