श्रावण मास के अंतिम सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
श्रावण मास के अंतिम सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब


हरिद्वार, 24 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही शहर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि, आरोग्य और परिवार की खुशहाली की कामना की।

सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर विभिन्न शिव मंदिरों में पहुंचे। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और बेलपत्र, पुष्प, फल, दूध तथा अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। कई मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए गए।

तीर्थनगरी के पौराणिक श्री दक्षेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ रही। इसके अलावा श्री विल्वकेश्वर महादेव मंदिर, दरिद्रभंजन महादेव, दुःखभंजन महादेव, नीलेश्वर महादेव, गौरीशंकर महादेव, जनमासा और तिलभाण्डेश्वर महादेव मंदिर समेत शहर के विभिन्न शिवालयों में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। कई श्रद्धालु सुबह तड़के ही मंदिर पहुंच गए थे, ताकि भीड़ बढ़ने से पहले भगवान शिव का दर्शन और जलाभिषेक कर सकें।

श्रावण सोमवार को लेकर मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते मंदिरों के आसपास धार्मिक माहौल के साथ चहल-पहल भी बढ़ गई। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद शिवालयों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे। मंदिरों के आसपास यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखने के प्रयास किए गए।

श्रावण मास के अंतिम सोमवार को देर शाम तक शिवालयों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। धर्मनगरी में दिनभर गूंजते भोलेनाथ के जयकारों ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story