ऑपरेशन प्रहार : पुलिस ने 26 भैंसों को कटने से बचाया

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन प्रहार : पुलिस ने 26 भैंसों को कटने से बचाया


हरिद्वार, 14 अगस्त (हि.स.)। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की ओर से अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बहादराबाद क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक, कैंटर से 26 भैंसों को बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार बीते देर रात टोल प्लाजा कर्मी अमन ने एक ट्रक,कैंटर में बड़ी संख्या में जानवरों को भरकर ले जाये जाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कस्बा बहादराबाद पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और संदिग्ध वाहन को खुलवाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर 26 भैंसें मिलीं। पुलिस ने पाया कि पशुओं को बिना किसी अनुमति के अत्यधिक संख्या में और क्रूरतापूर्वक वाहन में भरकर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान एक भैंस मृत अवस्था में मिली। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

वहीं, पशुओं के ठेकेदार अशफाक पुत्र मुस्ताक,निवासी थीतकी, देवबंद, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को पुलिस ने मौके पर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह भैंसों को बेचने के लिए लेकर जा रहा था।

इस मामले में पुलिस ने थाना बहादराबाद में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा धारा 325 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है तथा आरोपी ठेकेदार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है। बरामद की गई भैंसों को सुरक्षित रूप से बहादराबाद निवासी भूरा के सुपुर्द किया गया। मृत भैंस को नियमानुसार दफना दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story