मलेरिया से बचाव की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 25 अप्रैल (हि.स.)।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा विश्व मलेरिया दिवस पर जन जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान लोगों को मलेरिया के प्रति जागरूक किया गया। शनिवार को विकासखंड पौड़ी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर छतकोट में स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान मौजूद लोगों को मलेरिया के बचाव को लेकर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी भावना ने कहा कि मलेरिया को हल्के में न लें। कहा कि हर बुखार मलेरिया नहीं होता लेकिन हर बुखार की जांच आवश्यक है। बताया कि समय पर उपचार न मिले तो बुखार घातक हो सकता है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि अत्यधिक ठंड के साथ तेज बुखार, सिर दर्द, उल्टी, बदन दर्द मलेरिया के लक्षण हो सकते हैं। बुखार आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक को अवश्य दिखाएं। कहा कि मलेरिया की पुष्ठि होने पर इलाज अधूरा न छोड़ें। बताया कि मलेरिया के उन्मूलन के लिए बचाव ही उपचार है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ पारुल गोयल ने बताया कि जनपद में विश्व मलेरिया दिवस पर लोगों को जागरूक करने के लिए जनपद में सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सभी चिकित्सा इकाइयों और ग्राम स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहा कि मलेरिया उन्मूलन के लिए सामुदायिक सहभागिता अति आवश्यक है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story