ग्रामीणों ने युवकों को पकड़कर किया मुंह काला
नैनीताल, 01 अगस्त (हि.स.)। भवाली कोतवाली क्षेत्र के सतौली गांव में युवती से कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार के आरोप के बाद ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों और महिलाओं ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और उनके चेहरे पर काला पदार्थ पोत दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
कोतवाली प्रभारी प्रकाश मेहरा के अनुसार घटना शुक्रवार शाम की है। बताया गया कि कार सवार पांच युवक सतौली गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि युवकों ने गांव की एक युवती के साथ सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार किया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को देखकर कार सवार युवक भागने लगे, जिनमें से तीन युवक फरार हो गए, जबकि दो को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
आक्रोशित लोगों ने दोनों युवकों के चेहरे पर काला पदार्थ पोत दिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनके कपड़े भी फट गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ से निकालकर चौकी ले गई। पुलिस ने युवकों की कार को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपों की पुष्टि के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

