सरस्वती शिशु मंदिर को भेंट किए डिजिटल उपकरण

WhatsApp Channel Join Now

गुप्तकाशी, 27 फरवरी (हि.स.)। रुद्रप्रयाग जिले के विकास खंड ऊखीमठ के फाटा में स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में विद्यार्थियों को बेहतर एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्लैनेट स्कूल संस्था,हरिद्वार की ओर से डिजिटल उपकरण भेंट किए गए।

केदारघाटी के फाटा स्थित विद्यालय को संस्था की ओर से 5 कंप्यूटर,2 स्मार्ट बोर्ड, प्रिंटर, साउंड सिस्टम सहित अन्य आवश्यक डिजिटल उपकरण तथा थीम बेस्ड कक्षा कक्ष निर्माण सामग्री प्रदान की गई। इन संसाधनों के उपलब्ध होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में गुणात्मक सुधार के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी।

संस्था के प्रतिनिधि शैलेश सती ने बताया कि प्लैनेट स्कूल संस्था का मुख्य उद्देश्य पहाड़ के सीमांत क्षेत्रों में स्थित कमजोर विद्यालयों को आवश्यक शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराकर शिक्षा का स्तर बेहतर बनाना है, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक और उन्नत शिक्षा मिल सके। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राम सिंह राणा ने संस्था के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस सहयोग से विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से पढ़ने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार आएगा। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने डिजिटल कक्षाओं की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान जामू गीतांजलि देवी, पीटीए अध्यक्ष देवेंद्र तिंदोरी,संस्था प्रतिनिधि स्नेहिल घिल्डियाल, सतेंद्र रावत सहित अभिभावक सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन

Share this story