आचार्य बालकृष्ण और सीएमओ ने किया संजीवनी ब्लड बैंक का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
आचार्य बालकृष्ण और सीएमओ ने किया संजीवनी ब्लड बैंक का शुभारंभ


हरिद्वार, 13 अगस्त (हि.स.)। पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने रानीपुर मोड़ पर संजीवनी ब्लड सेंटर का शुभारंभ किया। अब शहरवासियों को ब्लड की आपात जरूरत के लिए देहरादून या ऋषिकेश नहीं जाना पड़ेगा।

उद्घाटन के बाद आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि ब्लड डोनेशन से किसी की जान बचाई जा सकती है, यह सबसे बड़ा मानवीय कार्य है। अधिक से अधिक लोग रक्तदान में भाग लें, तभी ब्लड बैंक का सही संचालन हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पतंजलि हमेशा समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों के साथ खड़ी है।

संजीवनी ब्लड बैंक के निदेशक डॉ. रविकांत शर्मा ने बताया कि हरिद्वार में वर्तमान में सिर्फ 8 ब्लड बैंक हैं, जबकि मांग बहुत अधिक है। मेले और दुर्घटनाओं के कारण रक्त की जरूरत बढ़ जाती है। नए बैंक में सरकारी रेट पर सभी ब्लड ग्रुप पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेंगे। बैंक की वर्तमान क्षमता 400 यूनिट है, जिसे एक साल में 2500 यूनिट तक बढ़ाया जाएगा।

सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने कहा कि नए ब्लड बैंक से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग हर संभव सहयोग करेगा ताकि लोगों को समय पर सुरक्षित रक्त मिल सके। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, वरिष्ठ पत्रकार रजनीकांत शुक्ला, समाजसेवी पराग गुप्ता, भाजपा नेता विशाल गर्ग सहित चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और पतंजलि के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story