शहीद पुलिसकर्मियों को पुलिस ने दी श्रद्धांजलि, बलिदान को किया नमन
हरिद्वार, 21 अक्टूबर (हि.स.)। कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में बुधवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में बीते एक वर्ष के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नामों का स्मरण किया गया। इसके बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात जनपद के पुलिस अधिकारियों ने क्रमवार पुष्पचक्र और पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर सेरिमोनियल गार्द ने शहीद पुलिसकर्मियों को शोक सलामी दी। उपस्थित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट किया। शहीदों को याद करते हुए पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की सुरक्षा, सामाजिक शांति और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का बलिदान सभी को राष्ट्रसेवा, एकता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दिलाता है। उनकी शौर्य गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और कर्तव्यपरायणता के लिए सदैव प्रेरित करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

