नैनीताल के सागर अधिकारी ने एशियाई वोविनाम चैंपियनशिप में जीता कांस्य, परिवार में खुशी Convert to PDF
नैनीताल, 28 नवंबर (हि.स.)। कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में आयोजित छठी एशियाई वोविनाम चैंपियनशिप-2026 में नैनीताल के खिलाड़ी सागर अधिकारी ने कांस्य पदक जीतकर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। 24 से 30 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में सागर ने वरिष्ठ पुरुषों के 48 से 51 किलोग्राम भार वर्ग की फाइटिंग स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के खिलाड़ी सागर ने कड़े मुकाबलों में बेहतर तकनीक और दमखम का प्रदर्शन कर पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि पर पिता चंदन अधिकारी, माता लक्ष्मी अधिकारी, बहन दीक्षा और भाई लक्ष्य अधिकारी सहित पूरे परिवार में खुशी है।
नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के अध्यक्ष विश्वकेतु वैद्य, सचिव एवं प्रशिक्षक विनोद वैद्य, योगेंद्र (योगी), विभोर भट्ट, महिला प्रशिक्षक भूमिका बनवाल, मानसी बर्गली सहित क्लब के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों, खेल प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने सागर को बधाई दी। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि सागर की यह उपलब्धि नैनीताल और उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने सागर और भारतीय दल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

