योग भारत की वैश्विक पहचान बना : मदन कौशिक

WhatsApp Channel Join Now
योग भारत की वैश्विक पहचान बना : मदन कौशिक


हरिद्वार, 17 जून (हि.स.)। आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने बुधवार को एक कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योग वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान बन चुका है और करोड़ों लोग इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड की ओर से बुधवार को हरिद्वार में ‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम का आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने देवपुरा चौक से चंद्राचार्य चौक तक आयोजित दौड़ कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, चिकित्सकों, योग प्रशिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

मदन कौशिक ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर योगा’ जैसे आयोजन युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक जीवन पद्धति है। ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मकता का संदेश देते हैं तथा हरिद्वार की पावन भूमि से योग के प्रसार को नई गति मिलती है।

कार्यक्रम में विभिन्न राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सालयों के अधिकारी-कर्मचारी, योग अनुदेशक, पंचकर्म सहायक तथा छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ में भाग लेते हुए ‘योग अपनाएं, स्वास्थ्य पाएं’ का संदेश दिया।

इस अवसर पर अरुण कुमार त्रिपाठी, प्रो. अनूप गक्कड़, आचार्य रजनीश योगी,डॉ. स्वास्तिक सुरेश और डॉ. अवनीश उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story