राष्ट्रीय एकता दिवस पर गुरुकुल कांगड़ी में निकली ‘रन फॉर यूनिटी

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय एकता दिवस पर गुरुकुल कांगड़ी में निकली ‘रन फॉर यूनिटी


हरिद्वार, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में शनिवार को ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। दयानंद स्टेडियम से शुरू हुई दौड़ में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों और पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

दयानंद स्टेडियम परिसर में कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने क्लैपर बजाकर दौड़ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ ही आंतरिक और बाहरी चुनौतियों का मजबूती से मुकाबला करने की शक्ति प्रदान करती है। भारत जैसे विविध संस्कृति, भाषा, धर्म और जातियों वाले देश में एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, जो सभी को आपस में जोड़कर रखती है।

उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही विकास और समृद्धि के लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। एकजुट होकर किए गए प्रयास सफलता का सशक्त माध्यम बनते हैं। प्रभारी शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग डॉ. शिव कुमार चौहान ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाना देश को एकता के सूत्र में पिरोने की दिशा में सार्थक पहल है। इस अवसर पर कुलपति ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।

रन फॉर यूनिटी दयानंद स्टेडियम से प्रारंभ होकर श्रद्धानंद द्वार और अमन चौक होते हुए वापस स्टेडियम में संपन्न हुई। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. लूथरा को रन फॉर यूनिटी की प्रतिकृति स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गई।

इस अवसर पर प्रो. एलपी पुरोहित, प्रो. नवनीत, प्रो. ब्रह्मदेव विद्यालंकार, डॉ. विपुल भट्ट, डॉ. शिव कुमार चौहान, डॉ. कपिल मिश्रा, दुष्यंत सिंह राणा, राजेंद्र कुमार, राजकुमार, कुलदीप, राजेंद्र सिंह सहित कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रणवीर सिंह और डॉ. प्रदीप कुमार उपस्थित रहे। शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story