रुद्रप्रयाग में घास लेने गई महिला गदेरे में बही, एसडीआरएफ ने शव बरामद किया

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 02 अगस्त (हि.स.)। रुद्रप्रयाग जिले के बड़मा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम स्वारा (नामी तोक) में घास लेने गई एक महिला का पैर फिसलने से वह गदेरे में बह गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ, जल पुलिस, डीडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने खोज एवं बचाव अभियान चलाकर महिला का शव बरामद किया।

एसडीआरएफ के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पोस्ट अगस्त्यमुनि से अपर उपनिरीक्षक हरीश बांगरी के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के समन्वय से जल पुलिस एवं डीडीआरएफ की टीमों को भी घटनास्थल पर भेजा गया।

संयुक्त टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से गदेरे में सघन खोज अभियान चलाया। अभियान के दौरान महिला का शव गदेरे से बरामद कर बाहर निकाला गया।

मृतका की पहचान विनीता देवी, पत्नी हिम्मत सिंह नेगी, निवासी ग्राम कोटी, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। शव को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story