रुद्रप्रयाग बाईपास टनल पूरी तरह सुरक्षित, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र की होगी तकनीकी जांच : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
रुद्रप्रयाग बाईपास टनल पूरी तरह सुरक्षित, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र की होगी तकनीकी जांच : जिलाधिकारी


रुद्रप्रयाग, 29 जुलाई (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश के बीच जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को केदारनाथ हाईवे को बद्रीनाथ हाईवे से जोड़ने वाली 910 मीटर लंबी रुद्रप्रयाग बाईपास टनल का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों और भू-वैज्ञानिकों को प्रभावित क्षेत्र की विस्तृत जांच के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि बारिश के कारण टनल के बाहरी स्लोप ट्रीटमेंट क्षेत्र में भूस्खलन हुआ है, जिससे टनल के जनरेटर रूम की छत को आंशिक क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा कि टनल की मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और इसके अंदर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।

उन्होंने तकनीकी टीम और जियोलॉजिस्ट को प्रभावित स्थल का सर्वेक्षण कर ढलान की स्थिरता का वैज्ञानिक आकलन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना अभी डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड में है, इसलिए संबंधित कार्यदायी संस्था द्वारा आवश्यक मरम्मत और स्लोप ट्रीटमेंट का कार्य कराया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि भू-वैज्ञानिकों की रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षा और तकनीकी उपाय तय किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को स्थल की नियमित निगरानी रखने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के डीजीएम करन, लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग खंड) के सहायक अभियंता सौरव ढौंडियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story