राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाएं युवा : धनंजय
देहरादून, 06 सितंबर (हि. स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से देहरादून महानगर दक्षिण के महाराणा प्रताप नगर में रविवार को युवा एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर व्यक्ताओं ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
ट्रांसपोर्ट नगर स्थित प्रकाश गार्डन में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संघ के विभाग प्रचारक धनंजय ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं की वर्तमान स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगानी चाहिए।
धनंजय ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के सामने कई प्रकार की चुनौतियां हैं। इन चुनौतियों का सामना अनुशासन, सकारात्मक सोच और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा देशहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की इसमें भूमिका होती है। युवाओं को सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, जरूरतमंदों की सहायता करने और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. औलख ने युवाओं को नशे से दूर रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि नशे की प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा रचनात्मक और राष्ट्रहित के कार्यों में लगाने तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना से काम करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि मेजर रोहित प्रजापति ने युवाओं को देश के प्रति समर्पित होकर कार्य करने और समाज में जागरूकता लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक चेतना और सकारात्मक बदलाव के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम में करीब 400 युवाओं ने हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान युवाओं को राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

