राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का रक्तदान शिविर रविवार को, तैयारियां पूरी
हरिद्वार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, हरिद्वार नगर द्वारा जिला अस्पताल रक्त केंद्र के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर 4 अक्टूबर , रविवार को प्रातः 10 से सायं 4 बजे तक गीत गोविंद मंडप, रानीपुर मोड़ पर लगेगा।
शनिवार को रक्तदान शिविर का पोस्टर जारी करते हुए जिला संघचालक डॉ. यतीन्द्र नाग्यान ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म है, एक यूनिट से तीन जानें बचती हैं। डेंगू के चलते रक्त की मांग बढ़ी है। रक्तदान के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए।
नगर संघचालक एडवोकेट ज्ञानेश ठकराल ने युवाओं से रक्तदान को नियमित रूप से करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा शिविर चिकित्सकीय मानकों के अनुसार सुरक्षित होगा, दाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

