तीन साल का प्रेम प्रसंग, पति से तलाक की जिद और फिर पुलिस चौकी में शिकायत!

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। पति दिनभर मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन कर रहा था, वहीं घर के भीतर चल रहे कथित प्रेम प्रसंग ने रिश्ते में दरार डाल दी। मोहम्मदपुर कुन्हारी गांव में एक विवाहिता पति के साथ रहने से इनकार करते हुए गांव के ही युवक से निकाह की जिद पर अड़ गई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है।

जानकारी के अनुसार पति को जब पत्नी के प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई तो घर में विवाद शुरू हो गया। परिजनों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाहिता नहीं मानी। मामला तलाक तक पहुंच गया।

विवाहिता ने तलाक के कागजात तैयार कराए, लेकिन पति ने हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया।

मामले में नया मोड़ तब आया जब विवाहिता अपनी मां और कथित प्रेमी के साथ कोर्ट पहुंच गई। तलाक के कागजात पर पति के हस्ताक्षर न होने से प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और उसे वापस लौटना पड़ा। घर लौटने पर फिर विवाद हुआ और मामला सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि मां पहले बेटी को समझाने आई थी, लेकिन बेटी की जिद के आगे उसने भी उसका साथ दे दिया।

इससे विवाद और उलझ गया।

बाद में विवाहिता ने पति के खिलाफ सुल्तानपुर चौकी में शिकायत दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिला पति के साथ रहने को तैयार नहीं हुई और प्रेमी से निकाह की बात पर अड़ी रही। बाद में वह मां के साथ चौकी से चली गई।

पुलिस का कहना है कि महिला बालिग है और स्वतंत्र है, किसी पर दबाव नहीं बनाया जा सकता। फिलहाल महिला अपने घर पर है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story