लूटकांड का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
लूटकांड का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 10 सितंबर (हि.स.)। जनपद के भगवानपुर थाना पुलिस ने तमंचे के बल पर हुई लूट की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 1,000 नकद, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 315 बोर का देशी तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को डेलना निवासी मनीराम पुत्र चांद सिंह ने थाना भगवानपुर में तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने तमंचा दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया और उनका मोबाइल फोन तथा 2,420 नकद लूट लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटना के खुलासे के निर्देश देते हुए प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आरोपितों के संभावित आने-जाने वाले मार्गों के डिजिटल फुटप्रिंट का विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद 10 सितंबर को पुलिस ने लूट में शामिल तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मौहम्मद उमर पुत्र आफताब निवासी माधोपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार, शाहनवीर पुत्र इस्फाक निवासी सिरचन्दी, थाना भगवानपुर और फैजान पुत्र इरफान निवासी सिकन्दरपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, 1,000 नकद, हीरो बाइक, 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने मामले में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story