यातायात नियमों के पालन से ही घटेंगी सड़क दुर्घटनाएं: प्रदीप बत्रा

WhatsApp Channel Join Now
यातायात नियमों के पालन से ही घटेंगी सड़क दुर्घटनाएं: प्रदीप बत्रा


हरिद्वार, 24 मार्च (हि.स.)। परिवहन विभाग उत्तराखंड की ओर से मंगलवार को ‘सुरक्षित साथी-रोड सेफ्टी एवं इमरजेंसी रिस्पॉन्स’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया।

‘हीरो मोटो कॉर्प एसआर कार्यक्रम-राइड सेफ इंडिया’ के अंतर्गत उप क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय हरिद्वार के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ एक स्थानीय होटल में मुख्य अतिथि के रूप में परिवहन मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रहा है। इसलिए इससे हर स्थिति में बचना चाहिए। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट के अनिवार्य उपयोग पर बल देते हुए तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की अपील की।

उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में ‘गोल्डन ऑवर’ के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में त्वरित और सही सहायता मिलने से अनेक जानें बचाई जा सकती हैं। घायल व्यक्ति को शीघ्र अस्पताल पहुंचाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान ने कहा कि ओवरटेकिंग और तेज गति सड़क हादसों के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने सभी से सुरक्षित ड्राइविंग का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान डिलीवरी पार्टनर्स, ड्राइवर और अन्य गिग वर्कर्स को सुरक्षित ड्राइविंग, यातायात अनुशासन, प्राथमिक उपचार, गोल्डन ऑवर और दुर्घटना के समय त्वरित प्रतिक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को सेफ्टी किट एवं हेलमेट भी वितरित किए गए।

समापन सत्र में संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जिम्मेदार समाज के निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. अनीता चमोला, संदीप सैनी, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह, प्लांट एचआर हेड पंकज भट्ट, प्लांट हेड सुनील कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा, निखिल शर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन रुड़की कृष्ण चंद्र पलारिया, एआरटीओ प्रशासन रुड़की जितेंद्र चंद,परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी तथा हीरो मोटो कॉर्प की सीएसआर प्रमुख सोनिका चोपड़ा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story