अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र में पिकअप खाई में गिरी, पांच घायल

WhatsApp Channel Join Now
अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र में पिकअप खाई में गिरी, पांच घायल


अल्मोड़ा, 20 फरवरी (हि.स.)। जनपद अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र में शुक्रवार सुबह यात्रियों से भरी एक पिकअप वाहन लगभग 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वाहन सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वाहन में कुल सात लोग सवार थे।

घटना डोटियाल से करीब एक किलोमीटर आगे हुई, जहां सड़क की स्थिति खराब बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रही एक बस को रास्ता देने के प्रयास में पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे वह खाई में जा गिरा।

हादसे के बाद वाहन खाई में पलटा हुआ मिला और कुछ यात्री उसके नीचे फंसे हुए थे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहनों से प्राथमिक उपचार के लिए देवायल, सल्ट भेजा।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली है। घायलों की पहचान साकम सिंह (35), चालक निवासी सराईखेत; सुभाष (19), निवासी नेपाल; राजेंद्र सिंह (36), निवासी केलाखेड़ा, ऊधम सिंह नगर; चंद्रसेन सैनी (41) और विजेंद्र सिंह (36), दोनों निवासी बिजनौर के रूप में हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

Share this story