कार खाई में गिरने से दो पर्यटकों की मौत, दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
कार खाई में गिरने से दो पर्यटकों की मौत, दो घायल


नैनीताल, 21 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के नैनीताल जनपद में शनिवार को भवाली–हल्द्वानी मार्ग पर गेठिया के निकट एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार,कार में सवार चार युवक उन्नाव से जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वाहन गेठिया क्षेत्र के खूपी के पास पहुंचा, वह अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।

घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर तल्लीताल थाना पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद रस्सियों की मदद से सभी को खाई से बाहर निकाला गया।

पुलिस के अनुसार,पीताम्बर नगर, उन्नाव निवासी अंकित चौधरी और अभिराज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अतुल दुबे और श्याम गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

Share this story