हल्द्वानी सड़क हादसा: रोडवेज बस की चपेट में आई मासूम की मौत
हल्द्वानी, 20 अप्रैल (हि.स.)। काठगोदाम क्षेत्र के रानीबाग के पास सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 5 वर्षीय मासूम कनक की रोडवेज बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रुद्रपुर डिपो की रोडवेज बस ने बच्ची को टक्कर मार दी और उसे करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। घटना के समय कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों ने बस चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताया है।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और गुस्साए लोगों ने रोडवेज बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। इस दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए स्थिति नियंत्रण से बाहर होती नजर आई।
हादसे के बाद काठगोदाम क्षेत्र में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। तिकोनिया से भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट और सलड़ी तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है और बस चालक की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

